महंगे मोबाइल-कपड़ों के शौक ने बनाया चोर, चोरी की बाइक से करते थे ऐश! जिला अस्पताल के दो ‘बाइक चोर’ गिरफ्तार

अरविंद दुगारिया, आगर-मालवा- महंगे मोबाइल फोन, ब्रांडेड कपड़े और आलीशान जिंदगी जीने के शौक ने दो युवकों को वाहन चोरी के रास्ते पर पहुंचा दिया। कोतवाली पुलिस ने वाहन चोरी के मामले में कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 5 दोपहिया वाहन, 2 बाइक की चेचिस, कटर-पाना और नंबर प्लेट सहित अन्य सामान बरामद किया है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों द्वारा जिला अस्पताल से बाइक चोरी करने की बात सामने आई है। पुलिस के अनुसार मुखबिर से सूचना मिली थी कि वाहन चोरी की वारदातों से जुड़े दो युवक आऊ माता रोड के समीप बने एक टीनशेड में मौजूद हैं। सूचना पर कोतवाली पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और फैजान पिता शाकिर मेवाती तथा फैजान उर्फ फक्कू पिता सप्पू मेवाती, दोनों निवासी काशीबाई कॉलोनी को पकड़ लिया। मौके की तलाशी लेने पर पुलिस को चोरी की गई बाइक सहित वाहन चोरी में इस्तेमाल होने वाला सामान मिला। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 5 बाइक, 2 बाइक की चेचिस, कटर-पाना और नंबर प्लेट बरामद की हैं। पुलिस अब बरामद वाहनों के संबंध में जानकारी जुटा रही है कि इन्हें कब और कहां से चोरी किया गया था। पूछताछ में सामने आया है कि दोनों आरोपी जिला अस्पताल परिसर में खड़ी दोपहिया वाहनों को निशाना बनाते थे। मरीजों और उनके परिजनों की आवाजाही के बीच पार्किंग में खड़े वाहनों पर नजर रखने के बाद मौका मिलते ही बाइक चोरी कर लेते थे। पुलिस को आशंका है कि आरोपियों ने इससे पहले भी वाहन चोरी की कई वारदातों को अंजाम दिया हो सकता है। पुलिस पूछताछ के अनुसार दोनों युवकों को महंगे मोबाइल फोन, कपड़े और आलीशान जिंदगी जीने का शौक था। इन्हीं शौक को पूरा करने के लिए वे बाइक चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे। चोरी के वाहनों को ठिकाने लगाने और उनकी पहचान बदलने के लिए नंबर प्लेट सहित अन्य सामान का इस्तेमाल किए जाने की भी जांच की जा रही है। दोनों आरोपियों से पुलिस की पूछताछ जारी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपियों ने अब तक कितनी बाइक चोरी की हैं, चोरी के वाहनों को कहां खपाया जाता था और इस मामले में इनके साथ कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल है या नहीं। पूछताछ पूरी होने के बाद वाहन चोरी की अन्य वारदातों का भी खुलासा होने की संभावना है।

You cannot copy content of this page