Site icon Telegram Times

“यादव जी की लव स्टोरी” पर बवाल! निर्देशक का पुतला दहन, सीएम के नाम सौंपा ज्ञापन, फिल्म पर रोक लगाने की मांग

अरविंद दुगारिया, आगर मालवा- जिले में फिल्म “यादव जी की लव स्टोरी” को लेकर सोमवार को बड़ा विवाद खड़ा हो गया। अखिल भारतीय यादव महासभा मध्यप्रदेश के बैनर तले समाजजनों ने फिल्म के विरोध में जोरदार प्रदर्शन किया। छावनी नाका पर प्रदर्शनकारियों ने फिल्म के निर्देशक का पुतला दहन कर अपना आक्रोश जाहिर किया और फिल्म के पोस्टर व ट्रेलर पर आपत्ति जताते हुए इसे समाज की भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाला बताया। प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में समाजजन मौजूद रहे। प्रदर्शनकारियों ने नारेबाजी करते हुए आरोप लगाया कि फिल्म की कहानी, प्रचार सामग्री और प्रस्तुतिकरण से यादव समाज की छवि को गलत तरीके से दिखाया गया है, जिससे सामाजिक वैमनस्य फैलने की आशंका है। इस कारण फिल्म के प्रदर्शन पर तत्काल रोक लगाने की मांग की गई। इसके बाद दोपहर करीब 2 बजे समाज के प्रतिनिधि कलेक्टर कार्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन डिप्टी कलेक्टर किरण बरबड़े को सौंपा। ज्ञापन में स्पष्ट रूप से मांग की गई कि विवादित फिल्म के प्रदर्शन पर रोक लगाई जाए और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाए, ताकि समाज में शांति और सौहार्द बना रहे।
समाज के प्रतिनिधियों ने कहा कि यदि समय रहते शासन-प्रशासन ने उचित कदम नहीं उठाया तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि समाज की प्रतिष्ठा से खिलवाड़ किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस अवसर पर अखिल भारतवर्षीय युवा यादव महासभा जिला अध्यक्ष हिन्दू सिंह यादव, अखिल भारतवर्षीय यादव महासभा प्रधान महासचिव कमलसिंह यादव, महामंत्री हरिनारायण यादव, आगर ब्लाक अध्यक्ष मेहरबान सिंह यादव, कर्मचारी प्रकोष्ठ जिला अध्यक्ष लालसिंह यादव, नलखेड़ा युवा यादव महासभा ब्लाक अध्यक्ष ब्रजपाल सिंह यादव, सुसनेर ब्लाक अध्यक्ष दिनेश यादव,बडौद ब्लाक अध्यक्ष देविसिंह यादव, भारत सिंह यादव, जिला प्रवक्ता हरिओम यादव, लखन चौहान, मोहन यादव पटेल,राकेश चौहान,प्रेम यादव रामचंद्र यादव, चंद्रसिंह यादव, श्याम पटेल, गोविंद यादव, ओम् यादव सुमित पटेल आदि उपस्थित थे.

Exit mobile version