Site icon Telegram Times

ब्राह्मण समाज का फूटा गुस्सा! IAS संतोष वर्मा का पुतला फूंका, महिलाओ ने फरसे से काटी प्रतीकात्मक गर्दन- बेटियों के अपमान पर उबाल…

अरविंद दुगारिया, आगर मालवा- गुरुवार को जिला मुख्यालय पर ब्राह्मण समाज का भारी आक्रोश देखने को मिला, जब बड़ी संख्या में समाजजन आईएएस संतोष वर्मा के खिलाफ सड़क पर उतर आए। समाज का आरोप है कि वर्मा द्वारा ब्राह्मण समाज की बेटियों को लेकर दिए गए कथित विवादित बयान ने पूरे समाज की भावनाओं को आहत किया है। इसी गुस्से के चलते समाज ने कलेक्टोरेट पहुँचकर जोरदार प्रदर्शन किया और उनका पुतला दहन किया।
सुबह से ही शहर के प्रमुख मार्गों पर बड़ी संख्या में पुरुषों और महिलाओं की भीड़ जुटनी शुरू हुई, जो रैली के रूप में नारेबाज़ी करते हुए कलेक्टोरेट पहुँची। वहाँ समाजजनों ने कहा कि वर्मा का कथित बयान बेटियों के सम्मान पर सीधा प्रहार है और इसे किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। समाज के नेताओं ने प्रशासन से तुरंत कठोर कार्रवाई और FIR दर्ज करने की मांग की।


प्रदर्शन के दौरान एक अनोखा और तीखा दृश्य देखने को मिला। पुतला दहन से पहले महिलाओं ने फरसे से आईएएस वर्मा के पुतले की गर्दन प्रतीकात्मक रूप से काटी, जिससे भीड़ में जोश और बढ़ गया। इसके बाद गुस्साए लोगों ने पुतले को आग के हवाले कर दिया और जमकर नारेबाजी की।
कलेक्टोरेट में विरोध जताने के बाद प्रदर्शनकारी रैली के रूप में कोतवाली थाना पहुंचे, जहाँ उन्होंने धरना देते हुए थाना प्रभारी को ज्ञापन सौंपा। समाज की महिलाओं ने भी बड़ी संख्या में शामिल होकर वर्मा के कथित बयान को पूरे समाज की बेटियों का अपमान बताया और एफआईआर दर्ज करने की मांग दोहराई। समाज ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं की गई, तो आंदोलन को और उग्र रूप दिया जाएगा और जिला प्रशासन उसकी जिम्मेदारी खुद उठाएगा।

Exit mobile version