आगर मालवा मे घटी दिल दहलाने वाली घटना! अस्पताल ले जाते समय 14 वर्षीय बालिका ने रास्ते में दिया मृत शिशु को जन्म, पिता की आंखों के सामने बिखर गई मासूमियत

आगर मालवा- जिले से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। रविवार को एक 14 वर्षीय बालिका को अचानक पेट में तेज दर्द हुआ। दर्द असहनीय होता देख पिता घबराए और तुरंत उसे बाइक पर बैठाकर आगर जिला अस्पताल की ओर निकल पड़े। लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था — रास्ते में ही बालिका ने एक मृत शिशु को जन्म दे दिया। यह दृश्य देखकर पिता फफक पड़े, अपनी मासूम बेटी की पीड़ा और असहायता देख वे खुद को संभाल नहीं पाए।

किसी तरह हिम्मत जुटाकर उन्होंने बेटी और शिशु को लेकर जिला अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने जांच के बाद शिशु को मृत घोषित किया और बालिका का उपचार शुरू किया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर जांच शुरू की।

बालिका से जब पुलिस ने पूछताछ की तो उसने बताया कि करीब एक वर्ष पूर्व उसके गांव के ही एक लड़के से उसकी मित्रता हुई थी। घर पर अकेले होने पर वह युवक उससे मिलने आता था और इसी दौरान दोनों के बीच शारीरिक संबंध बने।

पुलिस ने बालिका के बयान के आधार पर आरोपी नाबालिग युवक के खिलाफ दुष्कर्म, पोक्सो एक्ट तथा अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया है। यह घटना समाज की उस कड़वी सच्चाई को उजागर करती है, जहां मासूमियत विश्वास के नाम पर रौंदी जा रही है।

You cannot copy content of this page