अरविंद दुगारिया, आगर मालवा- मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नलखेड़ा पहुंचने से पहले ही मां बगलामुखी मंदिर परिसर में आयोजित कार्यक्रम के मंच पर कुर्सियों को लेकर दो नेताओं के बीच विवाद हो गया। मुख्यमंत्री के आगमन से ठीक पहले हुए इस घटनाक्रम से कुछ देर के लिए मंच पर माहौल गरमा गया। दोनों नेताओं के बीच कहासुनी और ऊंची आवाज में बातचीत होने लगी, जिससे वहां मौजूद लोगों का ध्यान कार्यक्रम की तैयारियों से हटकर विवाद की ओर चला गया। मामले की जानकारी मिलते ही एसडीओपी देवनारायण यादव ने हस्तक्षेप किया और दोनों नेताओं को समझाइश देकर विवाद शांत कराया। कुछ देर तक मंच पर गहमागहमी का माहौल बना रहा। इस दौरान नेताओं के बीच चिल्लाने की आवाजें भी सुनाई देती रहीं। हालांकि, एसडीओपी के हस्तक्षेप के बाद स्थिति सामान्य हो गई. गौरतलब है कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मां बगलामुखी मंदिर में करोड़ों रुपये की लागत से होने वाले विकास कार्यों का भूमिपूजन करने के लिए नलखेड़ा पहुंचने वाले थे। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां की गई थीं और मंच पर जनप्रतिनिधियों व नेताओं के बैठने की व्यवस्था की गई थी। लेकिन मुख्यमंत्री के पहुंचने से पहले ही कुर्सियों पर बैठने को लेकर हुए विवाद ने कार्यक्रम स्थल पर हलचल मचा दी। वीआईपी कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के आगमन से पहले नेताओं के बीच हुआ यह विवाद वहां मौजूद लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गया।
CM के आने से पहले मंच पर घमासान! कुर्सियों को लेकर नेताओं मे हुवा विवाद, SDOP को करना पड़ा हस्तक्षेप











