अरविंद दुगारिया, आगर मालवा- जिले में प्रजापति समाज के लोगों के साथ ईंट-भट्ठों पर मजदूर उपलब्ध कराने के नाम पर करीब 45 लाख रुपए की धोखाधड़ी के मामले में कोतवाली पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मामले के मुख्य आरोपी आफताब को उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 20 लाख रुपए नकद और दो चेक बरामद किए हैं। मामले में आरोपी का एक अन्य साथी सलीम अभी फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है। पुलिस की कार्रवाई के बाद ठगी के शिकार लोगों को अपनी रकम वापस मिलने की उम्मीद जगी है। बुधवार को एडिशनल एसपी रविंद्र बोयट ने प्रेस वार्ता आयोजित कर मामले का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि प्रजापति समाज के करीब 40 से 45 लोगों ने अपने ईंट-भट्ठों पर मजदूर लगवाने के लिए आरोपियों को रुपए दिए थे। आरोपियों ने मजदूर उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाकर लोगों से बड़ी रकम प्राप्त की थी। शुरुआत में विश्वास जीतने के लिए कुछ मजदूरों को ईंट-भट्ठों पर लाया भी गया और उनसे तीन से चार दिन तक काम करवाया गया। इसके बाद आरोपी मजदूरों को वापस ले गए और लोगों से प्राप्त रुपए लेकर फरार हो गए। मजदूरों के वापस चले जाने और रकम नहीं मिलने पर पीड़ितों को अपने साथ हुई धोखाधड़ी का पता चला। इसके बाद फरियादियों ने कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की और आरोपियों की तलाश में जुट गई। जांच के दौरान पुलिस ने मुख्य आरोपी आफताब पिता अच्छन खान, उम्र 40 वर्ष, निवासी दानिश मदान मोहल्ला, थाना सदर कोतवाली, जिला अमरोहा, उत्तर प्रदेश को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 20 लाख रुपए नकद और दो चेक बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, इस मामले में दूसरा आरोपी सलीम अभी फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है। उसकी गिरफ्तारी के बाद ठगी की शेष राशि की बरामदगी के प्रयास किए जाएंगे। पुलिस ने बताया कि बरामदगी और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद न्यायालय के माध्यम से पीड़ितों को उनकी रकम वापस दिलाने की कार्रवाई की जाएगी। करीब 40 से 45 लोगों के साथ हुई इस धोखाधड़ी के मामले में पुलिस की कार्रवाई को महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।
इस कार्रवाई में कोतवाली थाना प्रभारी नागेश यादव सहित उपनिरीक्षक संजय गुनेरा, दीपक सोलंकी, गिरजाशंकर त्रिपाठी एवं पुलिस टीम के अन्य सदस्यों की सराहनीय भूमिका रही।
ईंट-भट्ठा मजदूरों के नाम पर 45 लाख की ठगी! मुख्य आरोपी आफताब गिरफ्तार, 20 लाख रुपए बरामद











