अरविंद दुगारिया, आगर मालवा- बैजनाथ मंदिर के समीप कसाई देहरिया मार्ग पर शुक्रवार रात करीब 9 बजे उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक बोलेरो वाहन में अचानक आग लग गई। वाहन में चार लोग सवार थे। गनीमत रही कि वाहन से धुआं निकलते ही चारों लोग बाहर निकल गए और सुरक्षित दूरी पर पहुंचकर अपनी जान बचाई। देखते ही देखते बोलेरो आग की ऊंची लपटों से घिर गई। सड़क पर वाहन को धू-धू कर जलता देख मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में पूरी बोलेरो जलकर खाक हो गई। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली थाना प्रभारी नागेश यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। वहीं, आग बुझाने के लिए फायर ब्रिगेड को भी बुलाया गया, लेकिन दमकल के पहुंचने तक वाहन पूरी तरह जल चुका था। राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी के हताहत होने की जानकारी नहीं है। फिलहाल बोलेरो में आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है।
बैजनाथ मंदिर के पास चलती बोलेरो बनी आग का गोला! 4 लोगों ने कूदकर बचाई जान











