आगर मालवा- जिले में मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी के भीतर गुटबाजी और असंतोष खुलकर सामने आ गया। जनपद अध्यक्ष धर्म कुंवर के नेतृत्व में भारी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं ने विधायक मधु गहलोत के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया।
जनपद कार्यालय से निकली यह विरोध रैली छावनी चौराहा होते हुए कलेक्टर कार्यालय तक पहुंची, जहां जोश और नारों का तूफान उमड़ पड़ा। रैली में महिलाओं की उल्लेखनीय भागीदारी रही, एक ओर “भाजपा जिंदाबाद” के नारे गूंज रहे थे, तो दूसरी ओर “विधायक विरोधी” नारे लग रहे थे। कार्यकर्ताओं के हाथों में विधायक के विरोध में लिखी तख्तियां ध्यान आकर्षित कर रही थीं। कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर प्रदर्शनकारियों ने राज्यपाल, मुख्यमंत्री और कलेक्टर के नाम ज्ञापन डिप्टी कलेक्टर किरण वरवड़े को सौंपा। ज्ञापन में विधायक मधु गहलोत पर कई गंभीर आरोप लगाए गए।

ज्ञापन में कहा गया कि ग्राम भ्याना में गत रविवार को हुए एक कार्यक्रम के दौरान विधायक ने जनपद अध्यक्ष धर्म कुंवर के साथ अभद्र भाषा का प्रयोग कर उनका अपमान किया। साथ ही आरोप लगाया गया कि 14 दिसंबर को होने वाले सामूहिक विवाह कार्यक्रम के लिए विधायक द्वारा व्यापारियों, अधिकारियों और ऊर्जा कंपनियों पर आर्थिक सहयोग का दबाव बनाया जा रहा है।
प्रदर्शनकारियों ने यह भी आरोप लगाया कि विधायक के निर्देश पर कानड़ थाना प्रभारी द्वारा शांतिपूर्ण कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज कराया गया, जिसमें कई कार्यकर्ता घायल हो गए।

ज्ञापन में मांग की गई कि विधायक के खिलाफ महिला जनप्रतिनिधि के अपमान, प्रोटोकॉल उल्लंघन और प्रशासनिक दुरुपयोग की जांच कर कठोर कार्रवाई की जाए। साथ ही कानड़ थाना प्रभारी राजकुमार दांगी को निलंबित करने तथा महिला जनप्रतिनिधियों की सुरक्षा व सम्मान को लेकर स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए जाएं।
इस रैली में सुसनेर जनपद अध्यक्ष भी अपने समर्थकों के साथ शामिल हुईं। उन्होंने भी कार्यक्रमों में उपेक्षा किए जाने को लेकर नाराजगी जाहिर की और अलग से ज्ञापन सौंपा।
भाजपा कार्यालय से लेकर कलेक्टर परिसर तक पूरे क्षेत्र में विधायक विरोधी नारों और राजनीतिक उबाल की गूंज सुनाई दी। रैली में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और आमजन शामिल हुए, जिससे यह विरोध प्रदर्शन जिले की राजनीति में नई हलचल पैदा कर गया।











