गणतंत्र दिवस पर मां बगलामुखी धाम में राष्ट्रभक्ति की अनूठी छटा, तिरंगा श्रृंगार में सजीं मां, श्रद्धालुओं में दिखा अपार उत्साह

अरविंद दुगारिया- आगर मालवा- जिले के नलखेड़ा स्थित विश्वविख्यात मां बगलामुखी मंदिर में 76वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर भक्ति और राष्ट्रभक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। इस पावन अवसर पर मां बगलामुखी को मां भारती के स्वरूप में विशेष तिरंगा श्रृंगार से सजाया गया, जिसने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। मां को केसरिया, श्वेत और हरे रंग की भव्य चुनरी अर्पित की गई, जो तिरंगे के रंगों का प्रतीक रही। मंदिर परिसर को तिरंगे झंडों, आकर्षक पुष्प सज्जा और रंगीन रोशनी से सुसज्जित किया गया, जिससे पूरा धाम देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। गणतंत्र दिवस के अवसर पर मंदिर परिसर में स्थित राधा-कृष्ण मंदिर एवं हनुमान मंदिर में भी विशेष तिरंगा श्रृंगार किया गया। चारों ओर देशभक्ति का माहौल बना रहा और “वंदे मातरम्” व “भारत माता की जय” के जयघोष गूंजते रहे।
इस पावन अवसर पर प्रदेश सहित देश के विभिन्न हिस्सों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु मां बगलामुखी के दर्शन के लिए पहुंचे। श्रद्धालुओं ने मां से देश की उन्नति, शांति, अखंडता और सुख-समृद्धि की कामना की।
मंदिर प्रबंधन ने बताया कि राष्ट्रीय पर्वों पर प्रतिवर्ष विशेष श्रृंगार किया जाता है, ताकि श्रद्धालुओं में आस्था के साथ-साथ देशभक्ति की भावना भी जागृत हो। यह आयोजन श्रद्धालुओं के लिए केवल धार्मिक आस्था का ही नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति समर्पण और सम्मान का भी प्रतीक बन चुका है। गणतंत्र दिवस पर मां बगलामुखी धाम में सजी यह तिरंगा छटा श्रद्धालुओं के लिए अविस्मरणीय अनुभव बन गई, जहां भक्ति और देशप्रेम एक साथ झलकता नजर आया।

You cannot copy content of this page