अरविंद दुगारिया, आगर मालवा- जिले में उपज बिक्री को लेकर परेशान किसानों का गुस्सा आखिरकार सड़कों पर फूट पड़ा। भारतीय किसान संघ के बैनर तले गुरुवार को किसानों ने बड़ोद तहसील परिसर में जोरदार धरना प्रदर्शन किया, जिसके बाद आक्रोशित किसानों ने शहर के प्रमुख सुभाष चौक पर करीब एक घंटे तक चक्काजाम कर प्रशासन के खिलाफ जमकर विरोध जताया। किसानों ने तहसीलदार रामकृष्ण अहिरवार को छह सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपते हुए स्पष्ट कहा कि यदि समस्याओं का जल्द समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन और उग्र किया जाएगा। किसानों का आरोप है कि पहले भी प्रशासन को ज्ञापन देकर समस्याओं से अवगत कराया गया था, लेकिन समय रहते कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने से उन्हें मजबूरन सड़क पर उतरना पड़ा। ज्ञापन में किसानों ने बताया कि गेहूं उपार्जन के लिए स्लॉट बुकिंग के दौरान “पुनः सत्यापन हेतु शेष” जैसी तकनीकी खामियां सामने आ रही हैं, जिससे पंजीयन और बिक्री प्रक्रिया बाधित हो रही है। वहीं, जिन किसानों का गेहूं तौल हो चुका है, उनके बिल बनाते समय “सेटेलाइट द्वारा असत्यापित” दिखने से भुगतान अटक रहा है, जिससे किसानों की आर्थिक स्थिति पर सीधा असर पड़ रहा है। किसानों ने मांग रखी कि हर उपार्जन केंद्र की दैनिक खरीदी क्षमता 1000 क्विंटल से बढ़ाकर 2000 क्विंटल की जाए। साथ ही तौल कांटे, हम्माल और बारदाने की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने की बात कही। इसके अलावा नरवाई प्रबंधन के लिए कृषि यंत्रों पर अनुदान, खरीदी केंद्रों पर छाया और पेयजल की बेहतर सुविधा, तथा गोदाम भरने की स्थिति में तुरंत वैकल्पिक गोदाम उपलब्ध कराने की भी मांग उठाई गई।
धरना के बाद जब किसानों का आक्रोश बढ़ा, तो उन्होंने सुभाष चौक पर चक्काजाम कर दिया, जिससे शहर का यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया। सूचना मिलते ही एसडीएम मिलिंद ढोके, जिला खाद्य आपूर्ति अधिकारी एम.एल. मालवीय सहित प्रशासनिक अमला और पुलिस मौके पर पहुंची और किसानों से समझाइश शुरू की।
करीब एक घंटे की बातचीत के बाद प्रशासन ने किसानों को तीन दिन में समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया, जिसके बाद किसानों ने अपना धरना समाप्त कर दिया। हालांकि किसानों ने साफ चेतावनी दी है कि यदि तय समय में समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।
“गेहूं बेचने को तरसे किसान, सिस्टम फेल तो सड़क पर उतरा गुस्सा!”- सुभाष चौक पर चक्काजाम, प्रशासन के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन










