अरविंद दुगारिया, आगर मालवा- मूलभूत सुविधाओं की भारी कमी से जूझ रहे ग्राम पिपलिया कुमार के ग्रामीणों का सब्र मंगलवार को टूट गया। गांव में लगातार बनी हुई बिजली और पेयजल समस्या से परेशान ग्रामीण बड़ी संख्या में कलेक्टर कार्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने कलेक्टर प्रीति यादव को ज्ञापन सौंपकर जल्द समाधान की मांग की। ग्रामीणों ने ज्ञापन में बताया कि गांव में पिछले कई महीनों से बिजली व्यवस्था पूरी तरह चरमराई हुई है। गांव का ट्रांसफार्मर लंबे समय से जला पड़ा है, लेकिन बिजली विभाग द्वारा अब तक उसका सुधार या बदलने की दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। ग्रामीणों का आरोप है कि कई बार बिजली विभाग के अधिकारियों से शिकायत करने के बावजूद उनकी समस्याओं को गंभीरता से नहीं लिया गया।
ग्रामीणों ने कहा कि बिजली संकट के साथ-साथ गांव में पेयजल की स्थिति भी बेहद खराब हो चुकी है। हालात ऐसे हैं कि गांव की महिलाओं को रोजाना एक से दो किलोमीटर दूर जाकर पीने का पानी लाना पड़ रहा है। भीषण गर्मी के बीच पानी की इस समस्या ने ग्रामीणों का जीवन बेहद कठिन बना दिया है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की कि गांव में जल्द नया ट्रांसफार्मर लगाया जाए और पेयजल व्यवस्था को दुरुस्त किया जाए, ताकि ग्रामीणों को राहत मिल सके। कलेक्टर प्रीति यादव ने ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए जल्द समाधान कराने का आश्वासन दिया। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
अंधेरे और प्यास से परेशान पिपलिया कुमार के ग्रामीण पहुंचे कलेक्टर कार्यालय, बोले- “न बिजली मिल रही, न पानी… कैसे कटे जिंदगी!”










