अरविंद दुगारिया, आगर मालवा- राजस्थान के झालावाड़ जिले के डग थाना क्षेत्र स्थित ग्राम घाटाखेड़ी में 28 जनवरी 2026 को की गई चर्चित NDPS कार्रवाई अब मध्यप्रदेश पुलिस के लिए बड़ी कानूनी चुनौती बनती नजर आ रही है। चौमहला न्यायालय के आदेश के बाद डग थाने में आगर कोतवाली की थाना प्रभारी शशि उपाध्याय सहित करीब 100 लोगों के विरुद्ध विभिन्न धाराओं में FIR दर्ज कर ली गई है। मामले के सामने आते ही दोनों राज्यों के पुलिस महकमों में हलचल तेज हो गई है। गौरतलब है कि जनवरी माह में आगर कोतवाली पुलिस ने राजस्थान के घाटाखेड़ी गांव में दबिश देकर बड़ी मात्रा में मादक पदार्थ एवं ड्रग्स निर्माण सामग्री बरामद करने तथा दो आरोपियों को गिरफ्तार करने का दावा किया था। उस समय इस कार्रवाई को पुलिस की बड़ी उपलब्धि के रूप में प्रचारित किया गया था। हालांकि गिरफ्तार आरोपियों के पिता हमीद खान ने शुरू से ही पूरी कार्रवाई को फर्जी बताते हुए चौमहला न्यायालय में परिवाद प्रस्तुत किया था। परिवाद में आरोप लगाया गया कि मध्यप्रदेश पुलिस बिना स्थानीय राजस्थान पुलिस को सूचना दिए उनके घर पहुंची, जबरन कार्रवाई की, परिजनों के साथ अभद्र व्यवहार किया तथा बाद में उनके पुत्रों को झूठे NDPS प्रकरण में फंसा दिया।
न्यायालय के निर्देश पर मामले की जांच अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक स्तर के अधिकारी से कराई गई। जांच के दौरान कई ऐसे तथ्य सामने आए, जिन्होंने पूरी कार्रवाई की वैधता और पारदर्शिता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए। जांच में कार्रवाई से जुड़े कई महत्वपूर्ण दस्तावेज, रिकॉर्ड और पुलिस के कुछ दावों की पुष्टि नहीं हो सकी। वहीं न्यायालय में प्रस्तुत सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर भी कार्रवाई की प्रक्रिया पर प्रश्न उठाए गए। सुनवाई के दौरान परिवादी पक्ष ने न्यायालय के समक्ष तर्क रखा कि NDPS अधिनियम के तहत आवश्यक कई कानूनी प्रक्रियाओं का पालन नहीं किया गया। जांच रिपोर्ट और उपलब्ध साक्ष्यों पर विचार करने के बाद न्यायालय ने प्राथमिकी दर्ज करने के आदेश दिए, जिसके बाद डग पुलिस ने थाना प्रभारी शशि उपाध्याय सहित करीब 100 लोगों के विरुद्ध मामला दर्ज कर लिया। FIR दर्ज होने के बाद यह मामला और अधिक चर्चाओं में आ गया है। जनवरी में जिस कार्रवाई को पुलिस की बड़ी सफलता बताया गया था, अब वही कार्रवाई संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए कानूनी संकट का कारण बनती दिखाई दे रही है। मामले में आगे होने वाली जांच और न्यायिक प्रक्रिया पर अब सभी की निगाहें टिकी हुई हैं।
घाटाखेड़ी NDPS कार्रवाई में बड़ा भूचाल! कोर्ट के आदेश पर कोतवाली थाना प्रभारी शशि उपाध्याय सहित करीब 100 लोगों पर FIR, पुलिस महकमे में हड़कंप








