घर का ताला तोड़कर घुसे, दलित युवक को बेरहमी से पीटा! कांग्रेस नेता सहित तीन पर FIR, मारपीट का VIDEO वायरल

अरविंद दुगारिया, आगर मालवा- जिले के सुसनेर थाना क्षेत्र में एक युवक के घर का ताला तोड़कर घुसने, गाली-गलौज और मारपीट करने का मामला सामने आया है। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। पीड़ित युवक की शिकायत पर कांग्रेस अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश मंत्री निजामुद्दीन मंसूरी सहित तीन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। इस बीच मारपीट का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें दो व्यक्ति एक युवक के साथ मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं। पुलिस को दी गई रिपोर्ट के अनुसार, मोड़ी जोड़ निवासी 19 वर्षीय हेमराज पिता कनीराम मालवीय ने बताया कि 15 जुलाई 2026 को दोपहर करीब 4 बजे वह अपने घर पर मौजूद था। उसके पिता निजाम की आरा मशीन पर मजदूरी करने गए थे, जबकि मां बड़ी बहन संगीता का इलाज कराने सुसनेर के सरकारी अस्पताल गई थीं। छोटी बहन पूजा पड़ोस में मजदूरी करने गई हुई थी। हेमराज के मुताबिक, इसी दौरान घर के बाहर ताला तोड़ने की आवाज सुनकर उसकी छोटी बहन पूजा वापस लौटी। आरोप है कि उसने देखा कि निजाम पिता जमाल मंसूरी, उसका बेटा अजहर मंसूरी और भतीजा जावेद पिता फिरोज मंसूरी, निवासी जमातखाना क्षेत्र सुसनेर, घर का ताला तोड़कर अंदर घुसे हुए थे। फरियादी का आरोप है कि तीनों आरोपियों ने घर में घुसकर गाली-गलौज की और परिवार के सदस्यों को लेकर अपशब्द कहे। विरोध करने पर जावेद ने हेमराज के साथ थप्पड़ और मुक्कों से मारपीट की. रिपोर्ट में आगे बताया गया है कि मारपीट के बाद हेमराज अपने पिता के पास निजाम की आरा मशीन पर पहुंचा। वहां भी निजाम और अजहर ने उसके साथ मारपीट की तथा दोबारा मशीन की ओर आने पर जान से खत्म करने की धमकी दी। पीड़ित युवक ने आरोप लगाया है कि आरोपियों ने उसके साथ जातिसूचक गालियां भी दीं। घटना के बाद बुधवार दोपहर हेमराज अपनी मां और छोटी बहन के साथ सुसनेर थाने पहुंचा, जहां उसने मौखिक रिपोर्ट दर्ज कराई। घटना से जुड़ा एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें दो व्यक्ति एक युवक के साथ मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं। हालांकि पुलिस ने वीडियो की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। सुसनेर थाना पुलिस ने फरियादी की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. उल्लेखनीय है कि आरोपी निजामुद्दीन मंसूरी कांग्रेस अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश मंत्री बताए जा रहे हैं।

You cannot copy content of this page