सर्वर खराब तो मरीजों का इलाज भी बंद! जिला अस्पताल की व्यवस्था पर भड़के परिजन, सिविल सर्जन से जवाब-तलब

अरविंद दुगारिया, आगर मालवा- जिला अस्पताल में स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। गुरुवार को अस्पताल का सर्वर खराब होने के कारण मरीजों को अपनी जांच रिपोर्ट के लिए घंटों इंतजार करना पड़ा। स्थिति यह रही कि सुबह करीब 9 बजे मरीज को लेकर अस्पताल पहुंचे परिजन शाम 7 बजे तक रिपोर्ट का इंतजार करते रहे। रिपोर्ट नहीं मिलने के कारण मरीज का उपचार भी शुरू नहीं हो सका। इससे नाराज परिजनों ने अस्पताल में हंगामा शुरू कर दिया। देखते ही देखते मौके पर बड़ी संख्या में लोग एकत्रित हो गए। कुछ किसान नेता भी मौके पर पहुंचे और सिविल सर्जन से अस्पताल की व्यवस्था सुधारने की मांग की। परिजनों का आरोप है कि डॉक्टर ने मरीज की जांच कराने के लिए कहा था। इसके बाद जांच तो कराई गई, लेकिन कई घंटे बीत जाने के बाद भी रिपोर्ट उपलब्ध नहीं हुई। परिजनों के मुताबिक जांच रिपोर्ट के इंतजार में मरीज का इलाज आगे नहीं बढ़ सका और उन्हें सुबह से शाम तक अस्पताल में ही परेशान होना पड़ा। जिला अस्पताल में इन दिनों तकनीकी खराबी मरीजों और उनके परिजनों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है। सर्वर खराब होने से जरूरी जांच रिपोर्ट समय पर नहीं मिल पा रही हैं। खासकर दूर-दराज के ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले मरीजों को घंटों अस्पताल में इंतजार करना पड़ रहा है। कई मरीजों के लिए बार-बार अस्पताल के चक्कर लगाना भी मुश्किल हो रहा है। मामले को लेकर सिविल सर्जन मनीष कुरील ने सर्वर खराब होने की बात स्वीकार की। उन्होंने कहा कि मरीजों की परेशानी को देखते हुए जल्द ही WhatsApp के माध्यम से जांच रिपोर्ट उपलब्ध कराने की व्यवस्था शुरू करने की तैयारी की जा रही है। नई व्यवस्था शुरू होने के बाद मरीजों को रिपोर्ट के लिए अस्पताल में इंतजार नहीं करना पड़ेगा और जांच रिपोर्ट सीधे उनके मोबाइल पर भेजी जा सकेगी। हालांकि गुरुवार को सामने आई स्थिति ने जिला अस्पताल की तकनीकी व्यवस्था और मरीजों को समय पर उपचार उपलब्ध कराने की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। मरीज और उनके परिजन अब व्यवस्था जल्द दुरुस्त होने और जांच रिपोर्ट समय पर उपलब्ध होने की उम्मीद कर रहे हैं।

You cannot copy content of this page