अरविंद दुगारिया, आगर मालवा- गुरुवार देर रात करीब 200 गोवंश को सुदवास क्षेत्र से शिवगढ़ की गौशाला ले जाने के दौरान विवाद खड़ा हो गया। कनाड़ मार्ग पर परसुखेड़ी के समीप ग्रामीणों ने गोवंश लेकर जा रहे लोगों को रोक दिया। ग्रामीणों का कहना था कि उनके क्षेत्र में पहले से बड़ी संख्या में लावारिस गोवंश घूम रहा है, इसलिए पहले उनके क्षेत्र के गोवंश को गौशाला में रखा जाए और इसके बाद दूसरे क्षेत्र से लाए गए गोवंश को गौशाला पहुंचाया जाए। परसुखेड़ी के समीप विवाद बढ़ने के बाद ग्रामीणों ने गोवंश लेकर आए लोगों को वापस लौटा दिया। इसके बाद दोनों पक्ष आगर पहुंचे, जहां साईं मंदिर के समीप एक बार फिर विवाद हो गया। देखते ही देखते मामला मारपीट तक पहुंच गया। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और विवाद कर रहे ग्रामीणों को वहां से हटाया। इधर, विवाद के दौरान सुदवास क्षेत्र से लाए गए करीब 200 गोवंश शहर में अलग-अलग स्थानों पर फैल गए। देर रात शहर के विभिन्न इलाकों में गोवंश इधर-उधर घूमते नजर आए। मारपीट की घटना में धर्मेंद्र पिता मेहरबान सिंह राजपूत के सिर में चोट आई। धर्मेंद्र की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने पन्नालाल यादव और उसके दो अन्य अज्ञात साथियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
200 गोवंश को लेकर आधी रात घमासान! रास्ते में रोका काफिला, आगर में भिड़े ग्रामीण, पुलिस को देख भागे..











