अरविंद दुगारिया, आगर मालवा- फसल बेचने कृषि उपज मंडी पहुंच रहे किसानों को नगद भुगतान नहीं मिलने से शनिवार को उनका आक्रोश सड़क पर नजर आया। नगद भुगतान की मांग को लेकर किसानों ने छावनी नाका चौराहे पर चक्काजाम कर दिया। करीब एक घंटे तक चले इस चक्काजाम के कारण हाईवे पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और आमजन को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ा. चक्काजाम की सूचना मिलते ही पुलिस-प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे। एसडीएम कमल मंडलोई और एसडीओपी ने किसानों से बातचीत कर उनकी समस्या सुनी और समझाइश दी। अधिकारियों के आश्वासन के बाद किसानों ने करीब एक घंटे बाद चक्काजाम समाप्त किया। किसानों का कहना था कि वे अपनी फसल बेचने के बाद तत्काल नगद भुगतान चाहते हैं, लेकिन व्यापारियों द्वारा उनसे बैंक पासबुक लाने और राशि खाते में ट्रांसफर किए जाने की बात कही जा रही है। किसानों का कहना है कि ट्रैक्टर-ट्रॉली सहित खेती-किसानी और अन्य जरूरी कामों के लिए उन्हें तत्काल नगद राशि की आवश्यकता होती है। खाते में राशि आने के बाद उसे निकालने में उन्हें अतिरिक्त परेशानी उठानी पड़ती है। वहीं अधिकारियो ने किसानों को आश्वासन दिया कि दोपहर 2 बजे तक नगद भुगतान की व्यवस्था कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। प्रशासन के आश्वासन के बाद किसानों ने अपना आंदोलन समाप्त कर दिया। इधर, चक्काजाम के चलते छावनी नाका चौराहे से गुजरने वाले हाईवे पर यातायात व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो गई। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिसके चलते राहगीरों और वाहन चालकों को काफी देर तक परेशानी का सामना करना पड़ा।
‘हमें खाते में नहीं, हाथ में चाहिए पैसा’… नकद भुगतान को लेकर किसानों ने रोक दिया हाईवे, एक घंटे तक किया चक्काजाम











