नाराजगी खत्म, संवाद शुरू… कलेक्टर मीणा ने पत्रकारों की सभी मांगों पर दी सहमति, SP दिलीप सोनी भी रहे मौजूद…

अरविंद दुगारिया, आगर मालवा- पिछले करीब एक माह से कलेक्टर डॉ. शेरसिंह मीणा और जिले के पत्रकारों के बीच चल रही नाराजगी एवं गतिरोध का बुधवार शाम पटाक्षेप हो गया। लंबे समय से चली आ रही नाराजगी के बीच बुधवार शाम करीब 7 बजे कलेक्टर डॉ. शेरसिंह मीणा एवं पुलिस अधीक्षक दिलीप कुमार सोनी की मौजूदगी में पत्रकारों के साथ महत्वपूर्ण बैठक हुई। बैठक में पत्रकारों ने कलेक्टर के समक्ष अपनी विभिन्न मांगें रखते हुए पिछले एक माह के दौरान सामने आई परिस्थितियों और अपनी नाराजगी से अवगत कराया। पत्रकारों ने स्पष्ट रूप से कहा कि प्रशासन और मीडिया के बीच बेहतर संवाद एवं समन्वय बेहद जरूरी है। पत्रकारों ने समाचार संकलन के दौरान आने वाली समस्याओं सहित अपनी विभिन्न मांगों को कलेक्टर के सामने रखा। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच खुले मन से चर्चा हुई और लंबे समय से बनी दूरी को समाप्त करने की दिशा में सकारात्मक पहल हुई। बैठक में कलेक्टर डॉ. शेरसिंह मीणा ने पत्रकारों की सभी मांगों पर सहमति जताते हुए उन्हें जल्द पूरा करने का आश्वासन दिया। कलेक्टर ने कहा कि प्रशासन और पत्रकारों के बीच बेहतर समन्वय बना रहना जरूरी है तथा जनहित से जुड़े मामलों में संवाद के माध्यम से समस्याओं का समाधान किया जाना चाहिए। करीब एक माह से चली आ रही नाराजगी के बाद कलेक्टर द्वारा पत्रकारों की मांगों पर सहमति जताए जाने से बैठक में सकारात्मक माहौल बना। कलेक्टर डॉ. शेरसिंह मीणा ने पत्रकारों का अभिनंदन भी किया। इसके साथ ही दोनों पक्षों के बीच चली आ रही तल्खी समाप्त करते हुए आगे बेहतर संवाद और समन्वय के साथ काम करने पर सहमति बनी।

You cannot copy content of this page