नवरात्रि के पहले दिन मां बगलामुखी में उमड़ा आस्था का सैलाब, सुबह 10 बजे तक 30 हजार से ज्यादा श्रद्धालुओं ने किए दर्शन

अरविंद दुगारिया, आगर मालवा- शारदीय नवरात्रि के प्रथम दिन विश्व प्रसिद्ध मां बगलामुखी मंदिर नलखेड़ा में आस्था का अभूतपूर्व नजारा देखने को मिला। नवरात्रि की शुरुआत के साथ ही मां के दर्शन करने के लिए श्रद्धालुओं का ऐसा सैलाब उमड़ा कि मंदिर परिसर और दर्शन मार्ग पर सुबह से ही भक्तों की आवाजाही बनी रही। मंगला आरती के बाद सुबह 6 बजे से ही माता के दरबार में भक्तों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। सुबह 10 बजे तक 30 हजार से अधिक श्रद्धालु मां बगलामुखी के दर्शन कर चुके थे। मां बगलामुखी के प्रति श्रद्धालुओं की अटूट आस्था का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि मध्यप्रदेश के विभिन्न शहरों के साथ ही उज्जैन, इंदौर और दिल्ली सहित देश के अनेक राज्यों से बड़ी संख्या में भक्त माता के दर्शन करने नलखेड़ा पहुंचे। कोई परिवार के साथ मां का आशीर्वाद लेने पहुंचा तो कोई अपनी मनोकामना लेकर माता के दरबार में हाजिरी लगाने आया। सुबह से ही मंदिर परिसर में भक्तिमय माहौल बना रहा और श्रद्धालु मां के दर्शन कर सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना करते नजर आए। नवरात्रि के पहले दिन श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस और प्रशासन भी पूरी तरह मुस्तैद रहा। भक्तों को सुगमता से दर्शन कराने और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक इंतजाम किए गए। नवरात्रि के पहले ही दिन सुबह 10 बजे तक 30 हजार से अधिक श्रद्धालुओं के मां के दर्शन करने का आंकड़ा इस बात का संकेत है कि आगामी दिनों में मंदिर में भक्तों की भीड़ और बढ़ सकती है। नवरात्रि के दौरान मां बगलामुखी के दर्शन के लिए देशभर से श्रद्धालुओं के नलखेड़ा पहुंचने का सिलसिला जारी रहने की उम्मीद है।

You cannot copy content of this page