अपर कलेक्टर के चैंबर के बाहर किसान ने पिया कीटनाशक, कलेक्टर कार्यालय में मचा हड़कंप! थाने से लेकर कलेक्टर कार्यालय तक नहीं हो रही थी सुनवाई

अरविंद दुगारिया, आगर मालवा- जिले में पारिवारिक विवाद को लेकर कथित तौर पर पुलिस और प्रशासन से सुनवाई नहीं होने से नाराज एक युवा किसान ने बुधवार को कलेक्टर कार्यालय परिसर में कीटनाशक पी लिया। घटना अपर कलेक्टर शालिनी श्रीवास्तव के चैंबर के बाहर हुई, जिसके बाद पूरे कलेक्टर कार्यालय में अफरा-तफरी मच गई। किसान की हालत बिगड़ने पर संयुक्त कलेक्टर मिलिंद ढोके उसे अपने वाहन से तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसका उपचार जारी है। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली थाना प्रभारी नागेश यादव भी मौके पर पहुंचे। प्राप्त जानकारी के अनुसार, कीटनाशक पीने वाले किसान की पहचान राहुल पिता अंतरसिंह बंजारा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि राहुल का अपने ही परिवार के लोगों के साथ खेत में पाइपलाइन डालने को लेकर विवाद चल रहा था। इस मामले को लेकर उसने कानड़ थाने में शिकायत भी की थी, लेकिन किसान का आरोप है कि उसकी शिकायत पर सुनवाई नहीं हुई। पारिवारिक विवाद का समाधान नहीं होने से परेशान होकर वह बुधवार को अपनी फरियाद लेकर कलेक्टर कार्यालय पहुंचा था।
बताया जा रहा है कि किसान कलेक्टर से मिलकर अपनी समस्या बताना चाहता था, लेकिन उसकी कलेक्टर से मुलाकात नहीं हो सकी। इसके बाद वह अपर कलेक्टर शालिनी श्रीवास्तव के चैंबर के बाहर पहुंचा, जहां उसने कीटनाशक पी लिया। अचानक हुई इस घटना से कार्यालय में मौजूद अधिकारियों और कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए संयुक्त कलेक्टर मिलिंद ढोके ने तत्काल किसान को अपने वाहन से जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां से उसे एक निजी अस्पताल मे रेफर कर दिया गया घटना ने एक बार फिर आम नागरिकों की शिकायतों के निराकरण और पुलिस-प्रशासन तक अपनी बात पहुंचाने की व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि, किसान की शिकायत पर कानड़ पुलिस ने क्या कार्रवाई की थी और पारिवारिक विवाद के संबंध में प्रशासन के समक्ष पहले कोई आवेदन प्रस्तुत किया गया था या नहीं, इसकी आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है।

You cannot copy content of this page