राम जन्मभूमि के प्रमाण मांगने वालों को डूब मरना चाहिए!” नलखेड़ा में CM मोहन यादव का कांग्रेस पर तीखा हमला..

अरविंद दुगारिया, आगर मालवा- मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सोमवार को आगर मालवा जिले के नलखेड़ा स्थित विश्वप्रसिद्ध मां बगलामुखी मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने देवीलोक विकास परियोजना के प्रथम चरण में 85 करोड़ 40 लाख रुपए की लागत से होने वाले विकास कार्यों का भूमिपूजन किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने धार्मिक स्थलों के विकास को आस्था और श्रद्धा से जुड़ा विषय बताते हुए कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह का नाम लिए बिना उन्होंने राम जन्मभूमि के प्रमाण मांगने और धार्मिक यात्राओं को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रदेश में 17 अलग-अलग स्थानों पर धार्मिक स्थलों के विकास के हजारों करोड़ रुपए के कार्य चल रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह सब उनके लिए आस्था का विषय है। धार्मिक स्थलों का विकास श्रद्धा और भावनाओं से जुड़ा हुआ है। इसी दौरान कांग्रेस पर तंज कसते हुए सीएम ने कहा, “हम वो लोग नहीं हैं, जो पहले चंदा दें और फिर बाद में वापस मांग लें और ढोंग करें कि हम यात्रा निकाल रहे हैं। डूब मरना चाहिए ऐसे लोगों को।” मुख्यमंत्री यहीं नहीं रुके। उन्होंने भगवान श्रीराम की जन्मभूमि से जुड़े मुद्दे पर कांग्रेस को घेरते हुए कहा कि सम्मान का काम भावनाओं से होता है। कांग्रेस के लोग इस बात का जवाब दें कि जिन्होंने भगवान राम की जन्मभूमि के प्रमाण और प्रमाण चिह्न मांगे, वे आज किस आधार पर धर्म और आस्था की बात करते हैं। उन्होंने कहा, “सनातन के मामले में ढोंग मत करो, समय आपको माफ नहीं करेगा।”
नलखेड़ा में मां बगलामुखी मंदिर के देवीलोक विकास कार्यों के भूमिपूजन के दौरान मुख्यमंत्री के इस बयान से कार्यक्रम का राजनीतिक रंग भी गहरा नजर आया। एक ओर सरकार धार्मिक स्थल के विकास के लिए करोड़ों रुपए की परियोजना आगे बढ़ा रही है, वहीं दूसरी ओर मुख्यमंत्री ने सनातन धर्म और राम जन्मभूमि के मुद्दे पर कांग्रेस को निशाने पर लेकर प्रदेश की सियासत में गर्माहट बढ़ा दी।

You cannot copy content of this page