अरविंद दुगारिया, आगर मालवा- शहर के खीरनी तकिया क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित हो रही चांदी रिफाइनरी फैक्ट्री का बड़ा खुलासा हुआ है। क्षेत्र में फैल रही तेज दुर्गन्ध ने आखिरकार पूरे मामले का राज खोल दिया। सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस ने छापा मार कार्रवाई करते हुए फैक्ट्री को सील कर दिया तथा मौके से पिता-पुत्र को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने यहां से करीब 1500 लीटर खतरनाक केमिकल भी जब्त किया है। जानकारी के अनुसार, खीरनी तकिया क्षेत्र में पिछले कुछ दिनों से लगातार केमिकल जैसी तेज दुर्गन्ध फैल रही थी, जिससे आसपास के रहवासी परेशान थे। क्षेत्रवासियों को शक हुआ कि इलाके में कोई अवैध गतिविधि संचालित हो रही है। इसकी सूचना किसी नागरिक द्वारा कोतवाली पुलिस को दी गई। सूचना के बाद पुलिस ने अपने मुखबिर सक्रिय किए और जांच शुरू की। जांच में पता चला कि एक मकान के भीतर पिछले करीब दो महीनों से चोरी-छिपे चांदी गलाने और रिफाइनिंग का काम किया जा रहा था। इसके बाद पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी। छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में रसायन बरामद किए। पुलिस के अनुसार फैक्ट्री से 30 केन में लगभग 1500 लीटर केमिकल जब्त किया गया है। इनमें 20 केन नाइट्रिक एसिड, 4 केन सल्फ्यूरिक एसिड, 2 केन हाइड्रोक्लोरिक एसिड (एचसीएल), 50 किलो फॉर्किंग पाउडर, कास्टिक सोडा तथा यूरिया शामिल है। इन रसायनों का उपयोग चांदी गलाने और उसे शुद्ध करने की प्रक्रिया में किया जा रहा था।
पुलिस ने मौके से आबिद पिता मौजूद्दीन उम्र 30 वर्ष तथा उसके पिता मौजूद्दीन पिता कुतुबुद्दीन उम्र 50 वर्ष निवासी खीरनी तकिया को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर पूछताछ की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि बिना अनुमति इस प्रकार खतरनाक रसायनों का उपयोग कर फैक्ट्री चलाना कानूनन अपराध है। साथ ही इससे आसपास रहने वाले लोगों के स्वास्थ्य पर गंभीर खतरा उत्पन्न हो सकता था। फिलहाल पुलिस ने फैक्ट्री को सील कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि आरोपी यह धंधा कब से चला रहे थे और इसमें अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया है।
दुर्गन्ध ने खोला राज.. अवैध चांदी रिफाइनरी फैक्ट्री पर पुलिस का छापा! पिता-पुत्र गिरफ्तार, 1500 लीटर खतरनाक केमिकल जब्त










