तेज रफ्तार बस अचानक हुई बेकाबू.. मची चीख-पुकार! बड़ा हादसा टला..

अरविंद दुगारिया, आगर मालवा- गुरुवार शाम करीब 4 बजे बड़ोद रोड पर उस समय बड़ा हादसा टल गया, जब आगर से सुवासरा जा रही यात्रियों से भरी एक तेज रफ्तार बस अचानक असंतुलित होकर सड़क किनारे स्थित खंती में जा उतरी। हादसे के दौरान बस में बड़ी संख्या में यात्री सवार थे, जिससे कुछ समय के लिए मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बस तेज गति से जा रही थी। इसी दौरान सड़क पर एक बाइक सवार के सामने आ जाने पर उसे बचाने के प्रयास में बस चालक ने अचानक बस को मोड़ा, जिसके चलते बस अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे उतर गई और खंती में जा पहुंची। बस के खंती में उतरते ही यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। गनीमत रही कि बस पलटी नहीं और बड़ा हादसा होने से टल गया। हादसे में कुछ यात्रियों को मामूली चोटें आई हैं। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंचे और बस में सवार यात्रियों को बाहर निकालने में मदद की। हादसे के बाद कुछ देर के लिए मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। हादसे की भयावह स्थिति को देखते हुए यह राहत की बात रही कि बस में सवार किसी यात्री को गंभीर चोट नहीं आई। स्थानीय लोगों ने बताया कि यदि बस खंती में उतरने के बजाय पलट जाती तो हादसा और गंभीर हो सकता था। घटना के बाद बस को खंती से बाहर निकालने के प्रयास किए गए।

You cannot copy content of this page