उथल-पुथल जिन्दगी के बीच मां बगलामुखी की शरण में पहुंचे फ़िल्म स्टार गोविंदा! आधे घंटे तक की पूजा-अर्चना… मीडिया से बनाई दूरी..

अरविंद दुगारिया, आगर मालवा- बॉलीवुड के मशहूर अभिनेता गोविंदा सोमवार को आगर-मालवा जिले के नलखेड़ा स्थित विश्वप्रसिद्ध मां बगलामुखी मंदिर पहुंचे। गोविंदा ने मां बगलामुखी के दर्शन कर विशेष पूजा-अर्चना की और माता का आशीर्वाद लिया। मंदिर में उन्होंने करीब आधे घंटे का समय बिताया. पूजा-अर्चना के दौरान मंदिर के पुजारी भारत गुरु ने गोविंदा को माता की चुनरी ओढ़ाई और विधि-विधान से पूजा कराई। गोविंदा ने मंदिर परिसर में शांत भाव से समय बिताया और मां बगलामुखी के दर्शन किए। नलखेड़ा का मां बगलामुखी मंदिर देशभर में प्रसिद्ध धार्मिक स्थलों में शामिल है और यहां देश के अलग-अलग हिस्सों से श्रद्धालु दर्शन एवं विशेष पूजा-अर्चना के लिए पहुंचते हैं। गोविंदा के मंदिर पहुंचने की जानकारी मिलते ही मीडिया कर्मियों ने उनसे बातचीत करने की कोशिश की, लेकिन अभिनेता ने मीडिया से दूरी बनाए रखी और किसी तरह की बातचीत नहीं की। इसके बाद वह पूजा-अर्चना पूरी कर मंदिर से रवाना हो गए। खास बात यह है कि गोविंदा ऐसे समय में मां बगलामुखी की शरण में पहुंचे हैं, जब उनका निजी जीवन पिछले कुछ समय से लगातार सुर्खियों में है। पत्नी सुनीता आहूजा के साथ उनके रिश्ते को लेकर लंबे समय से सार्वजनिक चर्चाएं चल रही हैं। ऐसे में सोमवार को अचानक मां बगलामुखी के दरबार में गोविंदा की मौजूदगी ने लोगों का ध्यान खींच लिया। हालांकि अभिनेता ने मंदिर में अपनी यात्रा या पूजा को लेकर मीडिया से कोई बातचीत नहीं की, लेकिन उनके इस धार्मिक दौरे को लेकर श्रद्धालुओं में काफी उत्सुकता दिखाई दी। मां बगलामुखी के दरबार में गोविंदा ने करीब आधे घंटे तक पूजा-अर्चना की और माता का आशीर्वाद लेकर मंदिर से रवाना हुए।

You cannot copy content of this page