मंदिर तोड़ने पर भड़का बजरंग दल! थाने में दिया धरना, फिर नेशनल हाईवे पर लगा दिया जाम, माफ़ी के बाद माने..

अरविंद दुगारिया, आगर मालवा- निपानिया बैजनाथ में निर्माणाधीन मंदिर को तोड़े जाने का मामला शुक्रवार को गरमा गया। मंदिर तोड़े जाने से नाराज बजरंग दल सहित हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं ने कोतवाली थाने पहुंचकर धरना दिया और जमकर नारेबाजी की। देखते ही देखते मामला थाने से निकलकर नेशनल हाईवे तक पहुंच गया, जहां कार्यकर्ताओं ने चक्काजाम कर दिया। इस दौरान करीब आधे घंटे तक हाईवे पर वाहनों के पहिए थमे रहे और सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
जानकारी के अनुसार, निपानिया बैजनाथ में एक निर्माणाधीन मंदिर को तोड़े जाने से हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता नाराज थे। आरोप है कि मंदिर तोड़ने वाले व्यक्ति ने इस दौरान हिंदू संगठनों के खिलाफ अपशब्दों का इस्तेमाल किया था। इसी बात को लेकर शुक्रवार को बजरंग दल के कार्यकर्ता कोतवाली थाने पहुंचे और संबंधित व्यक्ति से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग पर अड़ गए। कार्यकर्ताओं का कहना था कि जब तक संबंधित व्यक्ति अपनी गलती स्वीकार कर माफी नहीं मांगता, तब तक उनका विरोध जारी रहेगा। थाने में काफी देर तक धरना और नारेबाजी के बाद भी जब कार्यकर्ता अपनी मांग पर अड़े रहे तो उन्होंने थाना परिसर के बाहर नेशनल हाईवे पर चक्काजाम कर दिया। अचानक हुए चक्काजाम से हाईवे पर यातायात प्रभावित हो गया। करीब आधे घंटे तक कार्यकर्ता सड़क पर बैठे रहे, जिसके चलते दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा। स्थिति को देखते हुए कोतवाली पुलिस ने कार्यकर्ताओं को समझाइश दी। वहीं, संबंधित व्यक्ति द्वारा हिंदू संगठनों से माफी मांगे जाने के बाद कार्यकर्ताओं ने अपना विरोध समाप्त किया और चक्काजाम खोल दिया। इसके बाद हाईवे पर यातायात बहाल हो सका।
मामले में कोतवाली थाना प्रभारी ने नागेश यादव ने बताया कि निर्माणाधीन मंदिर तोड़े जाने से हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता नाराज थे। उनकी मांगों को मान लिया गया है। वहीं, पूरे मामले की जांच की जा रही है।

You cannot copy content of this page