मुख्यमंत्री की भाषा पर कांग्रेस का पलटवार! सद्बुद्धि यज्ञ कर जताया विरोध, राजनीतिक मर्यादा की दिलाई याद..

अरविंद दुगारिया, आगर-मालवा- प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के लिए कथित रूप से इस्तेमाल किए गए अशोभनीय शब्दों को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी ने मंगलवार को अनूठे अंदाज में विरोध दर्ज कराया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री को सद्बुद्धि प्रदान करने की कामना के साथ यज्ञ का आयोजन कर उनकी भाषा शैली पर आपत्ति जताई। जिला कांग्रेस कार्यालय परिसर में दोपहर 12 बजे आयोजित इस कार्यक्रम का नेतृत्व जिलाध्यक्ष विजयालक्ष्मी तंवर ने किया। यज्ञ में कांग्रेस पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने भाग लेते हुए मुख्यमंत्री के हालिया बयान की निंदा की और इसे राजनीतिक मर्यादा एवं लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत बताया। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि प्रदेश के सर्वोच्च पद पर बैठे व्यक्ति से संयमित और गरिमापूर्ण भाषा की अपेक्षा की जाती है। राजनीतिक मतभेद लोकतंत्र का हिस्सा हैं, लेकिन व्यक्तिगत टिप्पणी और अशोभनीय शब्दों का प्रयोग किसी भी जनप्रतिनिधि की गरिमा के अनुरूप नहीं है। नेताओं ने कहा कि सार्वजनिक जीवन में भाषा की मर्यादा बनाए रखना सभी राजनीतिक दलों और नेताओं की जिम्मेदारी है। यज्ञ के दौरान कांग्रेसजनों ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच मुख्यमंत्री को सद्बुद्धि देने की प्रार्थना की और लोकतांत्रिक संवाद में शालीनता बनाए रखने की अपील की। कार्यक्रम के अंत में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री की भाषा शैली के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराते हुए भविष्य में ऐसे बयानों से बचने की मांग की। इस अवसर पर बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं समर्थक उपस्थित रहे। कार्यक्रम पूरे समय राजनीतिक चर्चाओं और नारेबाजी के बीच चर्चा का विषय बना रहा।

You cannot copy content of this page