अरविंद दुगारिया, आगर मालवा- जिले में नशे की तस्करी का एक बड़ा मामला सामने आया है, जहां सोया डीओसी की बोरियों के बीच छिपाकर ले जाए जा रहे भारी मात्रा में अवैध मादक पदार्थ को पकड़ लिया गया। कार्रवाई के दौरान 613 किलो 600 ग्राम डोडाचूरा से भरा कंटेनर ट्रक जब्त किया गया है, जिसकी कुल कीमत करीब 1 करोड़ 53 लाख रुपये आंकी गई है। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। जानकारी के अनुसार, कोतवाली थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक कंटेनर ट्रक (PB-02-EQ-1281) में सोया की बोरियों के बीच अवैध मादक पदार्थ छिपाकर ले जाया जा रहा है। यह कंटेनर सारंगपुर-कानड़-आगर मार्ग से होते हुए सुसनेर की ओर बढ़ रहा था और आगे पंजाब जाने की सूचना थी। सूचना के आधार पर गणेश घाटी (आगर-सारंगपुर रोड) पर नाकाबंदी की गई। यहां संदिग्ध कंटेनर को रोका गया। चालक ने अपना नाम विकर सिंह (35) निवासी तरन तारन, पंजाब बताया। तलाशी के दौरान कंटेनर में रखी 325 बोरियों में से 31 काले रंग की बोरियों में डोडाचूरा छिपाकर रखा हुआ मिला। वजन करने पर इसकी मात्रा 613 किलो 600 ग्राम पाई गई। आरोपी के पास से कंटेनर वाहन, दो एंड्रॉइड मोबाइल फोन और नकदी भी जब्त की गई। आरोपी मादक पदार्थ के संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इस पर उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/15 के तहत मामला दर्ज किया गया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मादक पदार्थ को छिपाने के लिए सोया डीओसी की बोरियों का इस्तेमाल किया गया था, ताकि जांच से बचा जा सके। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर यह जानने का प्रयास कर रही है कि यह खेप कहां से लाई गई और किन लोगों तक पहुंचाई जानी थी।
सोया की बोरियों में छिपा 1.53 करोड़ का नशा पकड़ा! 613 किलो डोडाचूरा के साथ कंटेनर जब्त, पंजाब का तस्कर गिरफ्तार..










