“तुम्हारे बाप का राज है क्या..” सुसनेर में मतदान के बीच विधायक बापू का पारा हाई, तहसीलदार को फोन पर लगाई लताड़..

अरविंद दुगारिया, आगर मालवा- नगर परिषद अध्यक्ष पद के उपचुनाव को लेकर मंगलवार को जारी मतदान के बीच सुसनेर में उस समय माहौल गरमा गया, जब वार्ड क्रमांक-7 की मतदान मशीन को लेकर कांग्रेस विधायक भैरोंसिंह परिहार ‘बापू’ ने तहसीलदार भंवरसिंह चौहान को फोन लगा दिया। मशीन बदलने और मतदान व्यवस्था को लेकर विधायक ने तहसीलदार से तीखे सवाल-जवाब किए। बता दे की कि वार्ड क्रमांक-7 में मतदान के दौरान ईवीएम मशीन बदले जाने की जानकारी सामने आने के बाद विधायक बापू नाराज हो गए। इसके बाद उन्होंने तहसीलदार भंवरसिंह चौहान से फोन पर बात की। बातचीत के दौरान विधायक का गुस्सा सातवें आसमान पर नजर आया और उन्होंने प्रशासनिक व्यवस्था को लेकर अपनी नाराजगी जाहिर की। फोन पर हुई बातचीत के दौरान विधायक ने कथित तौर पर तहसीलदार से कहा- “तुम्हारे बाप का राज है क्या?” विधायक के इस कथित बयान के बाद मतदान केंद्र के आसपास मौजूद लोगों के बीच भी घटनाक्रम चर्चा का विषय बन गया। उपचुनाव के मतदान के दौरान ईवीएम को लेकर सामने आए इस घटनाक्रम ने सुसनेर की सियासत को गर्म कर दिया है। चुनावी मुकाबले के बीच मतदान व्यवस्था को लेकर विधायक और प्रशासनिक अधिकारी के बीच हुई तीखी बातचीत ने कई सवाल भी खड़े कर दिए हैं। हालांकि मशीन बदलने की वास्तविक वजह क्या थी, मशीन में तकनीकी खराबी आई थी या किसी अन्य कारण से उसे बदला गया, इस संबंध में प्रशासन की ओर से आधिकारिक स्पष्टीकरण सामने आना बाकी है। वहीं, विधायक और तहसीलदार के बीच हुई बातचीत को लेकर भी प्रशासनिक स्तर पर स्थिति स्पष्ट नहीं हुई है।
फिलहाल मतदान जारी है और वार्ड क्रमांक-7 की मशीन को लेकर सामने आए इस विवाद ने सुसनेर नगर परिषद अध्यक्ष के उपचुनाव में राजनीतिक माहौल को और गरमा दिया है।

You cannot copy content of this page