अरविंद दुगारिया, आगर मालवा- जिले में पेट्रोल-डीजल को लेकर फैली अफवाहों ने अब कानून-व्यवस्था पर असर डालना शुरू कर दिया है। इसी का ताजा उदाहरण कानड़ में देखने को मिला, जहां पेट्रोल पंप पर पहले नंबर पर पेट्रोल भरवाने को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि दो पक्ष आमने-सामने आ गए और देखते ही देखते मामला मारपीट में बदल गया। जब पेट्रोल पंप पर वाहनों की लंबी कतार लगी हुई थी। इसी दौरान लाइन में आगे-पीछे होने को लेकर कहासुनी शुरू हुई, जो कुछ ही देर में हिंसक झड़प में तब्दील हो गई। दोनों पक्षों के बीच जमकर हाथापाई हुई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। वहां मौजूद लोगों ने किसी तरह बीच-बचाव कर मामला शांत कराया। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। दरअसल, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अमेरिका, इज़राइल और ईरान के बीच चल रहे तनाव को लेकर सोशल मीडिया पर फैली अफवाहों के कारण जिले में ईंधन संकट की आशंका फैल गई है। इसी के चलते मंगलवार रात से ही पेट्रोल पंपों पर भीड़ उमड़ने लगी, जो बुधवार दोपहर तक जारी रही। जिला मुख्यालय सहित कई पेट्रोल पंपों पर अचानक बढ़ी मांग के कारण लंबी कतारें देखी गईं। कुछ पंपों पर अस्थायी रूप से पेट्रोल खत्म होने की स्थिति भी बनी, हालांकि बाद में सप्लाई बहाल कर दी गई। जिला खाद्य आपूर्ति अधिकारी एम.एल. मालवीय ने स्पष्ट किया है कि जिले में पेट्रोल-डीजल की कोई कमी नहीं है। उन्होंने बताया कि पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और आपूर्ति पूरी तरह सुचारू है। उन्होंने आमजन से अपील की है कि अफवाहों पर ध्यान न दें और अनावश्यक रूप से ईंधन का संग्रह न करें। इसके बावजूद लोगों में डर का माहौल बना हुआ है, जिसके कारण सामान्य जरूरत से अधिक पेट्रोल-डीजल भरवाया जा रहा है। प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है.
अफवाहों ने भड़काई हिंसा! पहले पेट्रोल भरवाने को लेकर दो पक्ष भिड़े, जमकर हुई मारपीट, VIDEO वायरल…










