हादसा होते ही ‘हीरो’ बनेगा आम आदमी! ‘मिशन जीवन रक्षक’ में सिखाया CPR देना, मां पीतांबरा हॉस्पिटल के डॉक्टरो ने सिखाये जिंदगी बचाने के गुर…

अरविंद दुगारिया, आगर मालवा- सड़क पर अचानक कोई हादसा हो जाए और घायल जिंदगी-मौत के बीच जूझ रहा हो, या किसी व्यक्ति की अचानक सांसें थमने जैसी गंभीर स्थिति बन जाए, तो अस्पताल पहुंचने तक का समय बेहद महत्वपूर्ण होता है। ऐसे वक्त में मौके पर मौजूद व्यक्ति की थोड़ी-सी समझदारी और सही प्राथमिक सहायता किसी की जिंदगी बचाने में अहम भूमिका निभा सकती है। इसी उद्देश्य को लेकर गुरुवार को आगर के छावनी नाका चौराहे पर ‘मिशन जीवन रक्षक’ के तहत आमजनों और पुलिसकर्मियों को आपात स्थिति में मरीज की जान बचाने के जरूरी उपायों का प्रशिक्षण दिया गया। कार्यक्रम में मा पीतांबरा हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर के चिकित्सकों ने लोगों को गंभीर स्थिति में मरीज की मदद करने के तरीके बताए। चिकित्सकों ने विशेष रूप से CPR (कार्डियोपल्मोनरी रिससिटेशन) के बारे में विस्तार से जानकारी दी और समझाया कि किसी व्यक्ति के बेहोश होने तथा सामान्य सांस या प्रतिक्रिया नहीं होने की स्थिति में तत्काल किस तरह सहायता शुरू की जा सकती है। इस दौरान CPR की प्रक्रिया, छाती पर दबाव देने की तकनीक तथा आपात स्थिति में बरती जाने वाली सावधानियों के बारे में भी जानकारी दी गई। चिकित्सकों ने बताया कि सड़क दुर्घटना या किसी अन्य गंभीर आपात स्थिति में शुरुआती समय बेहद महत्वपूर्ण होता है। एंबुलेंस और चिकित्सा सहायता पहुंचने तक मौके पर मौजूद व्यक्ति यदि घबराने के बजाय सही तरीके से प्राथमिक सहायता कर सके तो मरीज को मदद मिल सकती है। लोगों को यह भी समझाया गया कि गंभीर घायल को अनावश्यक रूप से उठाने या हिलाने-डुलाने के बजाय उसकी स्थिति को देखते हुए सावधानीपूर्वक सहायता करनी चाहिए और तत्काल चिकित्सा सहायता के लिए संपर्क करना चाहिए। छावनी नाका चौराहे पर आयोजित इस प्रशिक्षण को देखने और समझने के लिए बड़ी संख्या में आमजन भी मौजूद रहे। पुलिसकर्मियों ने भी चिकित्सकों से आपातकालीन परिस्थितियों में प्राथमिक सहायता और CPR से जुड़े जरूरी पहलुओं की जानकारी ली। कार्यक्रम का उद्देश्य आम लोगों में यह जागरूकता पैदा करना रहा कि दुर्घटना के समय केवल तमाशबीन बने रहने के बजाय सुरक्षित और प्रशिक्षित तरीके से मददगार की भूमिका निभाई जा सकती है। इस अवसर पर एसपी दिलीप सोनी, एएसपी रविन्द्र बोयट, सीएसपी मोतीलाल कुशवाह, कोतवाली थाना प्रभारी नागेश यादव, यातायात प्रभारी सौरभ सिंह चौहान सहित अन्य पुलिस अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। चिकित्सकों ने लोगों से अपील की कि किसी भी आपात स्थिति में सबसे पहले तत्काल चिकित्सा सहायता बुलाएं और यदि CPR का प्रशिक्षण प्राप्त हो तो उचित तरीके से जरूरतमंद व्यक्ति की सहायता करें।

You cannot copy content of this page