दीपावली की रात बुझ गया घर का चिराग! करंट हादसे में युवक की मौत से परिवार पर टूटा कहर..

आगर मालवा- रोशनी के पर्व दीपावली की रात एक परिवार के लिए कभी न भूलने वाला दर्द बन गई। शहर के एक गैराज पर कार वाश करते समय 31 वर्षीय राहुल गवली की करंट लगने से मौत हो गई। चंद मिनटों में खुशियों से भरा घर मातम में बदल गया।

जानकारी के अनुसार, राहुल पिता रामबाबू गवली, निवासी बड़ा गवली पूरा, दीपावली की देर शाम अपने छोटे भाई अंकित गवली के गैराज पर मदद करने पहुंचा था। इसी दौरान एक कार की वाशिंग करते समय अचानक उसे तेज करंट लग गया। हादसा देखते ही भाई अंकित ने तुरंत बिजली का कनेक्शन बंद किया और राहुल को गंभीर हालत में जिला अस्पताल लेकर पहुंचा,
लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मृतक राहुल पेशे से ड्राइवर था। परिजनों के अनुसार, उसकी तीन साल की बेटी है और पत्नी गर्भवती है। दीपावली जैसे खुशियों के त्यौहार पर हुए इस दर्दनाक हादसे ने पूरे परिवार की खुशियाँ छीन लीं। घर में कोहराम मचा हुआ है, पत्नी और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

घटना की सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की और मर्ग कायम कर मामला दर्ज किया। मंगलवार सुबह जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा गया।

इस घटना से पूरे क्षेत्र में शोक और संवेदना का माहौल है। दीपों की जगमगाहट के बीच जब घर का चिराग बुझा, तो हर किसी की आंखें नम हो गईं।

You cannot copy content of this page