CCTV से टोल नाकों तक सुराग जोड़ती रही पुलिस, तब पकड़ मे आया चड्डी-बनियान गिरोह! 2 गिरफ्तार, लाखो के जेवरात जब्त…

अरविंद दुगारिया, आगर मालवा- जिले में सुनसान मकानों को निशाना बनाकर चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले कथित अंतरराज्यीय चड्डी-बनियान गिरोह के खिलाफ आगर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए करीब 9 लाख रुपए कीमत का सोना-चांदी बरामद किया है। पुलिस के अनुसार, अटल कॉलोनी में हुई चोरी की जांच के दौरान एक आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में पिछले वर्ष विनायक सिटी और अरिहंत वैली में हुई चोरी की वारदातों का भी खुलासा हुआ। पुलिस अब गिरोह से जुड़े पांच अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है। मामला थाना कोतवाली आगर क्षेत्र की अटल कॉलोनी का है, जहां 22-23 अगस्त 2026 की दरमियानी रात एक सुनसान मकान का ताला तोड़कर चोर नगदी और जेवरात लेकर फरार हो गए थे। घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक दिलीप कुमार सोनी ने आरोपियों की गिरफ्तारी और चोरी गए माल की बरामदगी के निर्देश दिए। इसके बाद अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रविंद्र कुमार बोयट के मार्गदर्शन, SDOP मोतीलाल कुशवाह के पर्यवेक्षण तथा थाना प्रभारी निरीक्षक नागेश यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने जांच शुरू की। पुलिस ने घटना से जुड़े CCTV फुटेज खंगालने के साथ ही टोल नाकों से वाहनों की आवाजाही संबंधी जानकारी जुटाई और तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया। इसके अलावा मुखबिर तंत्र को सक्रिय कर आगर सहित आसपास के जिलों में संदिग्धों की तलाश की गई। इसी दौरान पुलिस को कैल सिंह के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी मिली। निगरानी और सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस ने 12 सितंबर को सुबह करीब 8 बजे कैल सिंह को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में कैल सिंह ने अटल कॉलोनी की वारदात के अलावा पिछले वर्ष दशहरा पर्व से दो दिन पहले विनायक सिटी और अरिहंत वैली में सुनसान मकानों के ताले तोड़कर जेवरात और नगदी चोरी करने की बात स्वीकार की. गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद पुलिस ने 10 दिन का रिमांड प्राप्त किया। रिमांड के दौरान हुई पूछताछ में पुलिस को चोरी के माल और गिरोह से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी मिली। पुलिस के अनुसार, कैल सिंह ने बताया कि अटल कॉलोनी सहित पूर्व की चोरी की वारदातों का कुछ माल उसकी बहन रायकु के पास रखा हुआ है। जानकारी मिलने के बाद पुलिस टीम ने अलीराजपुर जिले के ग्राम पोहा में दबिश देकर 18 सितंबर को रायकु को गिरफ्तार किया। पूछताछ के बाद उसके कब्जे से पुलिस ने पूर्व में अरिहंत वैली और विनायक सिटी से चोरी किए गए आभूषणों सहित तीन अलग-अलग चोरी के मामलों से संबंधित मशरूका बरामद किया। पुलिस के अनुसार बरामद माल में करीब 4.5 तोला सोना शामिल है, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 7.50 लाख रुपए बताई गई है। इसके अलावा करीब 650 ग्राम चांदी, जिसकी कीमत लगभग 1.50 लाख रुपए आंकी गई है, भी बरामद की गई। इस तरह पुलिस ने कुल करीब 9 लाख रुपए कीमत का चोरी का मशरूका बरामद किया है। बरामद सामान में सोने का हार, झुमके, चेन, लॉकेट, नाक का कांटा, नथ सहित चांदी के कड़े, पायजेब, सिक्के, अंगूठियां, कमर का लूम और अन्य आभूषण शामिल बताए गए हैं।
गिरफ्तार आरोपियों में कैल सिंह पिता डूडिया बामनिया, निवासी छढ़ावत, थाना टांडा, जिला धार तथा रायकु पति सुअरसिंह मोहनिया, निवासी ग्राम पोहा, थाना उदयगढ़, जिला अलीराजपुर शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार पूछताछ में गिरोह के पांच अन्य सदस्यों के संबंध में भी जानकारी सामने आई है। उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस को उम्मीद है कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद जिले में हुई अन्य चोरी की वारदातों और चोरी गए शेष माल के संबंध में भी महत्वपूर्ण खुलासे हो सकते हैं। इस पूरी कार्रवाई में CCTV फुटेज से मिले सुराग, टोल नाकों से जुटाई गई जानकारी, तकनीकी साक्ष्य और मुखबिर तंत्र पुलिस के लिए अहम कड़ी साबित हुए। एक आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पूछताछ से मिली जानकारी को आगे की विवेचना से जोड़ते हुए पुलिस चोरी के माल तक पहुंची और दूसरे आरोपी को गिरफ्तार करने के साथ करीब 9 लाख रुपए का मशरूका बरामद करने में सफल रही।
कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक नागेश यादव, विवेचना अधिकारी निरीक्षक दिलीप कटारा, सउनि सरदार सिंह, प्रधान आरक्षक सुनील पटेल, प्रधान आरक्षक आनंद पांडे और आरक्षक दीपक सोलंकी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

You cannot copy content of this page